ब्यूरो चीफ सुन्दरलाल जिला सोलन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, 14 जीटीसी सुबाथू में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें योग और आयुर्वेद के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा चौधरी ने किया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ध्यान योग आश्रम कटनी से आए आचार्य गुरुदेव ब्रह्म मूर्ति योग तीर्थ, स्वामी ओम देव योग तीर्थ और विदुषी निष्ठा योग तीर्थ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय की प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने ध्यान योग आश्रम के अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए योग और आयुर्वेद जैसे प्राचीन ज्ञान का प्रचार-प्रसार अत्यंत आवश्यक है।
आचार्य गुरुदेव ब्रह्म मूर्ति योग तीर्थ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग में विज्ञान और तकनीकी विकास ने मानव जीवन को अत्यंत उन्नत बना दिया है। हालांकि, इस उन्नति के साथ मानवता ने अपनी आंतरिक शांति को खो दिया है। उन्होंने कहा, “विज्ञान और तकनीकी शक्ति आवश्यक है, लेकिन हमें शक्ति के साथ-साथ शांति का भी संतुलन बनाए रखना होगा। जीवन में सबसे बड़ा उद्देश्य आत्मिक शांति और संतुलन प्राप्त करना है।”
आचार्य जी ने विद्यार्थियों को जीवन में सात्विक विचारधारा, नियमित दिनचर्या, और योग व ध्यान के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक सोच अपनाकर सफलता के शिखर पर पहुँचना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योगाभ्यास करने और सात्विक, घर के बने भोजन का सेवन करने की प्रेरणा दी।
स्वामी ओम देव योग तीर्थ ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन और आत्मा को भी मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग और ध्यान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया ताकि वे तनावमुक्त और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा चौधरी ने ध्यान योग आश्रम कटनी के सभी अतिथियों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हम आपके मार्गदर्शन के लिए अत्यंत आभारी हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हमारे विद्यार्थी आपके बताए गए मार्ग का अनुसरण कर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में ले जाएँगे।” उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का आग्रह किया ताकि विद्यार्थी नियमित रूप से योग और ध्यान के महत्व को आत्मसात कर सकें।
इस कार्यक्रम की आयोजन में सुनिल कुमार भाटीवाल पीजीटी भूगोल , लाजवंती पीजीटी पॉलिटिकल साइंस एवम् सुषमा पीजीटी इंग्लिश का विशेष योगदान। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।