अधजला शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत ,जांच में जुटी पुलिस
दुद्धी सोनभद्र ।विंढमगंज थाना क्षेत्र के मुडिसेमर ग्राम पंचायत में एक सरसों के खेत में 52 वर्षीय व्यक्ति का अधजला शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान झारखंड के बिलासपुर निवासी सुग्रीव कुशवाहा के रूप में हुई है, जो गन्ने का जूस बेचने का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, सुग्रीव कुशवाहा घर से गन्ने का जूस बेचने के लिए निकले थे, लेकिन दोपहर को उनका जला हुआ शव एक सरसों के खेत में मिला है ।उधर घटना स्थल पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए दुद्धी भेज दी है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे और जांच प्रकिया में जुट गए साथ ही इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी जुटी हुई है।पुलिस ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह