दुद्धी क्षेत्र की दो बेटियों ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई मिसाल कायम की ,यूपी पुलिस में मिला स्थान
दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र में दो बेटियों ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई मिसाल कायम की है। रंन्नू गांव की पूनम कुमारी और मल्देवा गांव की चंदा चौरसिया ने यूपी पुलिस में अपना स्थान सुनिश्चित किया है, जो उनकी कड़ी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है।
पूनम कुमारी और चंदा चौरसिया दोनों ही गरीब परिवार से आती हैं, लेकिन उन्होंने संसाधनों की कमी को अपनी राह का रोड़ा नहीं बनने दिया। पूनम ने घरेलू कामकाज के साथ पढ़ाई जारी रखी, जबकि चंदा ने भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए कड़ी मेहनत की।
दोनों ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए पूरी लगन से तैयारी की। दुद्धी की ‘पढ़ाई करो एकेडमी’ ने इनकी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एकेडमी के शिक्षक प्रिंस कुमार ने न सिर्फ पढ़ाई में मार्गदर्शन किया बल्कि मनोबल भी बढ़ाया।
परिवार का सहयोग भी मिला, जिससे दोनों बिना रुकावट के अपनी तैयारी कर सकीं। परीक्षा परिणाम आते ही दोनों गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों और परिजनों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
पूनम और चंदा का कहना है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। उनकी सफलता से साबित होता है कि सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधक नहीं बन सकते।
यह खबर न केवल दोनों बेटियों की सफलता की कहानी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शिक्षा और मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह