मध्य प्रदेश के दतिया में एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद झांसी में भी एयरपोर्ट बनाने की मांग ज़ोर पकड़ने लगी है। इस मुद्दे पर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झांसी के इलाइट चौराहा पर प्रतीकात्मक रूप से कागज़ के हवाई जहाज़ उड़ाकर अपना विरोध दर्ज कराया। अगले ही दिन, शनिवार को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिसमें झांसी में एयरपोर्ट निर्माण की मांग की गई है।
कांग्रेस ने झांसी में एयरपोर्ट के निर्माण न होने का सीधा आरोप भाजपा नेताओं पर लगाया है। उनका कहना है कि यह भाजपा नेताओं की उदासीनता का परिणाम है कि झांसी जैसे महत्वपूर्ण शहर में अभी तक एयरपोर्ट नहीं बन पाया है। कांग्रेस ने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल के दौरान, झांसी-ललितपुर से सांसद रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने झांसी में एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को सौंपा था, जिसके बाद भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू होनी थी। हालांकि, यह परियोजना अधूरी रह गई।
वहीं, दूसरी ओर, दतिया में राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से एयरपोर्ट का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसी बात से आक्रोशित विपक्ष ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और झांसी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने ज़ोर देकर कहा कि झांसी में भाजपा के मेयर, सांसद और चार विधायक होने के बावजूद वे मिलकर शहर में एयरपोर्ट नहीं बनवा सके हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति से झांसी में भी जल्द से जल्द एयरपोर्ट का निर्माण कराने की अपील की है।
स्थान –झांसी।
रिपोर्टर नाम –जितेंद्र कुमार सैनी