पिपरा काजी में मनरेगा घोटाले से ग्रामीणों में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन
20 जून 2025
महराजगंज: ग्राम पंचायत पिपरा काजी के ग्रामीणों ने पंचायत मित्र चंद्रशेखर यादव पर मनरेगा योजना में घोटाले का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत मित्र ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी हाजिरी, गलत कार्य अवधि, और मजदूरों के खातों में सांठगांठ से पैसे ट्रांसफर कर सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि जहां कोई कार्य सिर्फ तीन दिनों में पूरा हो जा रहा है, उसे 18 दिनों तक का कार्य दिवस बनाकर फर्जी फोटो और हाजिरी के माध्यम से पैसा निकाला जा रहा है। हाल के दिनों में भी अतिरिक्त फर्जी हाजिरी दर्ज की गई है, ग्रामीणों का कहना है कि उक्त पंचायत मित्र द्वारा एक दो दिन पूर्व ही फर्जी हाजिरी बना दिया जा रहा है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान सरकारी खजाने को हो रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की तकनीकी जांच हेतु एक स्वतंत्र टीम गठित की जाए, और दोषी पंचायत मित्र चंद्रशेखर यादव समेत ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पंचायत मित्र को तत्काल पद से हटाए जाने की भी मांग की गई है।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महाराजगंज )