यमुनानगर
संदीप गाँधी
ब्यूरो चीफ
योग हमें प्रकृति के करीब लाता है और संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है- मेयर सुमन बहमनी
व्यासपुर, 21 जून- अनाज मंडी व्यासपुर में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह पूर्वक आयोजित किया गया। योग दिवस कार्यक्रम में यमुनानगर जगाधरी की मेयर सुमन बहमनी मुख्यतिथि रहीं। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि पूरे विश्व में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योग दिवस एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग की थीम पर मनाया जा रहा है। प्राणायाम व योग से ही हम बलशाली बनेंगे और भारत अर्थव्यवस्था में नंबर वन बनेगा। आज हम सभी इस मौके पर संकल्प लेते हैं कि खुद भी योग करेंगे और दूसरों को भी योग सिखाएंगे। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण की रक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी जीवन शैली ने हमें प्रकृति से दूर कर दिया है अनियमित खानपान, नींद में कमी, तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता से हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित किया है। योग हमें प्रकृति के करीब लाता है और संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है। योग में आसन प्राणायाम और ध्यान से शारीरिक बल उत्पन्न होते हैं मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने कहा कि योग आयुर्वेद का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है दोनों का उद्देश्य एक ही है शरीर मन और आत्मा का संतुलन।
पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने कहा कि आज के समय में योग की बहुत जरूरत है। इसे एक दिन का विषय न मान कर हर रोज हमें योग अपने जीवन में अपनाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी जी ने जो देश को आगे बढ़ाने का प्रण लिया है। उसमें हम सभी को भागीदार बनना है। जैसा कि हम सब जानते हैं कि वर्ष 2014 में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने का प्रस्ताव रखा था। उनके इस पहल को अधिकांश देशों ने समर्थन दिया जो स्वयं में विश्व की ऐतिहासिक एकता का उदाहरण है।
उपमंडल अधिकारी जसपाल सिंह गिल ने कहा कि पहली बार 21 जून 2015 को विश्व में संयुक्त रूप से महान पर्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। तब से यह दिवस केवल भारतीय ही नहीं पूरे विश्व का उत्सव बन चुका है। योग अब वैश्विक संवाद की भाषा बन चुका है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग है। इस वर्ष की यह थीम हम सबको एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि हम अगर स्वस्थ रहेंगे हमारे विचार शुद्ध रहेंगे हमारा मन शांत रहेगा तो हमारा परिवार समाज राष्ट्र और अंतत: पृथ्वी भी स्वस्थ और संतुलित रहेगी। इसलिए योग को मानव जीवन में अपनाना बहुत जरूरी है। इसलिए हम सब आज एक प्रण लेते हैं कि हर दिन एक सकारात्मक सोच से शुरुआत करेंगे और प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करेंगे तथा दूसरों को भी योग करने के लिए प्रेरित करेंगे। योगाभ्यास से मनुष्य मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ, सशक्त और संतुलित रहता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुमन बहमनी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में व्यासपुर की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी आस्था गर्ग, नायब तहसीलदार दलजीत सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश पाल, एसएचओ कुलदीप सिंह, पब्लिक हेल्थ से एसडीई जफर इकबाल, बिलासपुर की सरपंच कीर्ति रानी, बिजली विभाग के जेई हरिओम कश्यप, दीपक भारद्वाज मंडल अध्यक्ष भाजपा, रामचंद्र शास्त्री मंडल कोषाध्यक्ष भाजपा, शिव कुमार कौशिक मंडल उपाध्यक्ष भाजपा, ब्लॉक नोडल अधिकारी आयुष डॉ निधि पुपनेजा, आयुष योग सहायक रवि कुमार, डॉ अभिषेक कुमार, विकास कुमार, रंजू रानी, आयुष विभाग के फार्मासिस्ट रघुवीर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी, सैकड़ों की संख्या में कस्बा वासी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।