खेत तालाब बनाने में पूरे प्रदेश के लिये मिसाल बना ग्वालियर जिला
जितने तालाब पिछले 8 साल में कुल मिलाकर बने, उससे ज्यादा इस साल किए तैयार
खेत तालाब बनवाने वाले जल योद्धाओं का कलेक्टर श्रीमती चौहान ने किया सम्मान
जिले में 900 खेत तालाब व 842 डगवैल बनाए गए
ग्वालियर 30 जून 2025/ वर्षा जल सहेजने के लिये संरचनायें बनाने में ग्वालियर जिला पूरे प्रदेश के लिये मिसाल बनकर सामने आया है। जिले ने यह उपलब्धि बड़े पैमाने पर खेत तालाब बनाकर हासिल की है। ऐसी धारणा बन चली थी कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में किसानों को खेत तालाब बनाने के लिये प्रेरित करना बड़ा मुश्किल काम है। पर इस साल के जल गंगा संवर्धन अभियान में साझा प्रयासों से ग्वालियर जिले के विभिन्न गाँवो में 900 से अधिक खेत तालाब बन चुके हैं। खेत तालाबों की यह संख्या पिछले 8 सालों में बने कुल खेत तालाबों से ज्यादा है। पिछले 8 सालों में कुल मिलाकर जिले में मात्र 130 खेत तालाब बन पाए थे। इस साल बड़ी संख्या में खेत तालाब बनवाने में योगदान देने वाले 20 “जल योद्धाओं” को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार को प्रशस्ति पत्र व शील्ड सौंपकर सम्मानित किया।
इस साल जब सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी गत मार्च माह से जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू हुआ तो खेत तालाब बनवाने के प्रयास शुरू हुए। शुरूआत ग्रामीणों ने इसमें कोई खास रुचि नहीं दिखाई। पर जब कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार ने विशेष दल गठित कर गाँव-गाँव में खेत तालाब के फायदे बताकर लोगों को प्रेरित कराया गया तो इसके सुखद परिणाम सामने आने लगे । शासन से जिले को इस साल 789 खेत तालाब बनाने का लक्ष्य मिला। जिले में लक्ष्य से भी ज्यादा 905 खेत तालाब बनवाए गए हैं। खेत तालाब बनवाने में ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिव ग्राम रोजगार सहायक, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री व उपयंत्री एवं जनपद पंचायत सीईओ ने “जल योद्धा” की भूमिका निभाई।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में इस साल लक्ष्य से ज्यादा खेत तालाब ही नहीं बने, बल्कि डगवैल रीचार्ज व अमृत सरोवर भी लक्ष्य से ज्यादा बनवाए गए हैं। जिले को 600 डगवैल रीचार्ज का लक्ष्य मिला था। इसके विरूद्ध 842 डगवैल रीचार्ज का कार्य जिले में किया गया है। इसी तरह 12 अमृत सरोवर के लक्ष्य के विरूद्ध 14 अमृत सरोवर जिले में बन रहे हैं।
इन जल योद्धाओं का हुआ सम्मान
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा जिन जल योद्धाओं को सम्मानित किया गया, उनमें जनपद पंचायत मुरार के अंतर्गत ग्राम पंचायत आरोली के सरपंच श्री छविराज कुशवाह, किरावली पंचायत के सचिव श्री फूलसिंह गौड़ व ग्राम पंचायत खेड़ा के ग्राम रोजगार सहायक मतवार सिंह राणा शामिल हैं। इसी तरह जनपद पंचायत डबरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरूसी की सरपंच श्रीमती सुमन मांझी, भैंसनारी के सचिव श्री बृजकिशोर बाथम व लधेरा के ग्राम रोजगार सहायक श्री हेमंत सिंह कुशवाह, जनपद पंचायत घाटीगाँव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पवा के सरपंच श्री महिपत सिंह गुर्जर, चैत की सचिव श्रीमती ममता यादव व रेंहट के ग्राम रोजगार सहायक श्री अरविंद उपाध्याय को सम्मानित किया गया। इनके अलावा डबरा जनपद पंचायत की सीईओ श्रीमती ऊषा पी शर्मा, मुरार के सहायक यंत्री श्री वाय एस परिहार व एडीशनल सीईओ श्री मुकेश सगर, उपयंत्री मनोज श्रीवास्तव, घाटीगाँव के उपयंत्री राजेन्द्र शर्मा, डबरा के उपयंत्री रामनिवास शाक्य, भितरवार के उपयंत्री रामअवतार सिंह व घाटीगाँव के सहायक यंत्री आलोक तोमर शामिल हैं।
गंभीर किडनी रोग की परवाह किए बगैर राजेन्द्र शर्मा ने बनवाए खेत तालाब
सम्मानित होने वाले जल योद्धाओं में जनपद पंचायत घाटीगाँव के उपयंत्री श्री राजेन्द्र शर्मा के प्रयास विशेष उल्लेखनीय हैं। उनकी दोनों किडनी खराब हैं और हफ्ते में दो बार डायलेसिस भी होती है। इस सब की परवाह न कर वे अकसर मैदान में पहुँचकर किसानों को खेत तालाब बनाने के लिये प्रेरित करते। उनके प्रयासों से 37 खेत तालाब बनकर तैयार हुए हैं। राजेन्द्र शर्मा का शासकीय सेवा में 30 जून आखिरी दिन था। अपनी सेवानिवृत्ति के आखिरी रोज जब कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तो वे भावुक हो गए।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव