ग्राम सभा धमउर में विकास कार्यों की जाँच की माँग, जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन
महराजगंज (निचलौल), 2 जुलाई 2025:
विकास खण्ड निचलौल की ग्राम सभा धमउर में वर्ष 2021 से 2025 तक कराए गए विकास कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कुछ जागरूक ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने संबंधित अवधि में हुए सभी कार्यों की विस्तृत जानकारी, स्वीकृत बजट, व्यय विवरण तथा पूर्ण और अपूर्ण कार्यों की सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने की माँग की है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि ग्राम सभा में कराए गए कई कार्यों की गुणवत्ता पर संदेह है और कई योजनाएं आज तक अधूरी हैं, कुछ कार्य हुए बिना ही सरकारी पैसा निकल कर दुरुपयोग किया गया है, जिनका लाभ जनता को नहीं मिल सका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका है।
ज्ञापन सौंपने वालों ने जिलाधिकारी से अपील की है कि एक निष्पक्ष जाँच टीम गठित कर ग्राम सभा में कराए गए सभी विकास कार्यों की गहन जाँच कराई जाए तथा जो कार्य अपूर्ण हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की माँग भी की गई है।
ग्रामीणों की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को बल मिलेगा।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)