जिला प्रशासन द्वारा जिले भर के निजी उर्वरक विक्रेताओं पर एक साथ की छापे मार कार्यवाही
कलेक्टर ने बडोनी में की जांच, काला बाजारी रोकने के लिए सख्त अभियान
दतिया 02 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखडे के निर्देशानुसार आज जिले भर में उर्वरक की काला बाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उददेश्य से एक बडा समन्वित अभियान चलाया गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, तथा ग्रामीण विकास और शहरी विकास विभाग के सभी अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर लगभग सभी बडे निजी उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर आज दोपहर में एकसाथ छापेमारी कार्यवाही की गई।
आज बुधवार को कलेक्टर श्री वानखड़े ने स्वयं बडोनी के एक प्रमुख उर्वरक विक्रय केंद्र में पहुंचकर पूरी जांच की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्ता युक्त खाद उपलब्ध कराना मध्य प्रदेश सराकर की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष जांच की जा रही है। जिसमें लाइसेंस की वैधता और प्रदर्शन, उर्वरक का स्रोत, बिल, ट्रांसपोर्टर विवरण, स्टॉक और वितरण रजिस्टर का मिलान, गोदाम में भौतिक स्टॉक का सत्यापन, नकली या पुनः पैक किए गए अमानक खाद की बिक्री, सरकारी दर सूची का प्रदर्शन और पालन, किसानों से ली जा रही कीमत और बिल की अनिवार्यता जैसे बिंदुओ पर जांच की गई।
कलेक्टर श्री वानखड़े ने बताया कि यह कार्यवाही किसानों के हितों की रक्षा और जिले में खाद की आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी व सुचारू बनाए रखने के लिए की जा रही है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन दुकानों में अनियमितता या कालाबाजारी के प्रमाण मिले हैं, उनके विरुद्ध तत्काल लाइसेंस निलंबन, रद्दीकरण, आर्थिक दंड या आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि किसानों को समय पर और उचित दर पर खाद मिल सके तथा कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
इसी प्रकार दतिया विकासखंड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दतिया संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में रिटेल डीलर उर्वरक का निरीक्षण किया गया। जिन अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया उनमें तहसीलदार श्री संजीव तिवारी द्वारा गिर्राज कृषि सेवा केन्द्र बडौनी, एसएलआर श्री जगदीश घनघोरिया द्वारा मैसर्स मनोज कुमार गुप्ता बडौनी, नायब तहसीलदार राजेश कुशवाह ने रितिमा कृषि खाद भंडार बडौनी, नायब तहसीलदार श्री शिवसिंह कोरकू द्वारा महेन्द्र गुप्ता खाद भंडार बडौनी, तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्य द्वारा पीताम्बरा पॉली पैक खाद बीज भंडार दतिया, नायव तहसीलदार राजेश वत्स द्वारा चाहत ट्रेडर्स बडौनी, नायव तहसीलदार अंकुश कैम द्वारा रामराजा ट्रेडर्स दतिया, एसएडीओ दतिया राजकुमार यादव द्वारा सुरेश कुमार गुप्ता खाद बीज भंडार बडौनी, सीईओ जनपद पंचायत दतिया श्री विनीत त्रिपाठी द्वारा श्रीनाथ सेल्स कॉर्पेरेशन शामिल है।
इसीक्रम में विकासखंड सेवढा में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अशोक अवस्थी के मार्गदर्शन में तहसीलदार श्री दीपक यादव द्वारा आरके ट्रेडर्स इंदरगढ़, नायब तहसीलदार मनोज दिवाकर द्वारा भदौरिया ट्रेडर्स कंपनी इदंरगढ, सीएमओ इदरगढ श्री महेन्द्र यादव द्वारा गायत्री ट्रेडर्स कंपनी इंदरगढ, सीईओ जनपद पंचायत सेवढा श्री अशोक शर्मा द्वारा स्वयं ट्रेडर्स इंदरगढ, एसएडीओ इंदरगढ द्वारा जीतेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा चौरसिया ट्रेडर्स इदंरगढ, सीईओ जनपद पंचायत सेवढा अशोक शर्मा द्वारा श्रीनाथ ट्रेडर्स भुगआपुरा, नायव तहसीलदार श्री राजेन्द्र जाटव द्वारा संतोष कुमार अग्रवाल सेवढा तथा विकासखंड भाण्डेर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री सोनाली राजपूत के मार्गदर्शन में तहसीलदार श्री सुनील भदौरिया द्वारा पीताम्बरा ट्रेडर्स भाण्डेर, सीईओ जनपद पंचायत भाण्डेर श्रीमती सुमन चौहान द्वारा बंसल सीमेंट एजेंसी, तहसीलदार भाण्डेर श्री वीरसिंह आवासिया द्वारा दांगी ट्रेडर्स भाण्डेर, एसएडीओ भाण्डेर श्री नरेश शर्मा द्वारा राधा कृष्ण खाद बीज भंडार भाण्डेर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रामराजा टेडर्स दतिया में स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण मिला। श्रीनाथ सैल्स कॉर्पोरेशन बडोनी का गोदाम नहीं मिला, पीताम्बरा पॉली पैक खाद बीज भंडार दतिया में केाई अनियमितता नहीं पाई गई केवल कुछ सामग्री खुले में पड़ी हुई थी। गिर्राज सेवा केन्द्र बडौनी, मै. मनोज कुमार गुप्ता बडौनी, चाहत टेडर्स दतिया, सुरेश कुमार गुप्ता खाद बीज भंडार बडोनी, रितिमा कृषि खाद भंडार बडौनी, महेेन्द्र गुप्ता खाद भंडार बडौनी में इन सभी में कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव