सहारनपुर में SDM बेहट मानवेंद्र सिंह की बड़ी कार्यवाही, 11 वाहन सीज – खनन माफियाओं में मचा हड़कंप
सहारनपुर। जनपद के बेहट और मिर्जापुर थाना क्षेत्रों में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए खनन माफियाओं के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। बुधवार देर रात बेहट के उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी (सीओ) की संयुक्त टीम ने अवैध खनन परिवहन में लगे 11 वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया।
इस अभियान के तहत बिना रॉयल्टी के खनिज पदार्थ ले जा रहे 9 डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि खनन माफियाओं की ओर से छोड़ी गई दो लावारिस वाहन—एक थार और एक क्रेटा कार—भी सीज की गई हैं। यह कार्यवाही उस समय की गई जब टीम क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रही थी और अवैध रूप से मिट्टी और बालू ले जाते वाहन पकड़े गए।
SDM और CO के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह क्षेत्र खनन माफियाओं की गिरफ्त में था, और अब प्रशासनिक सख्ती से उम्मीद जगी है कि इस अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी।
SDM मानवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खनिज विभाग के सहयोग से लगातार छापेमारी की जा रही है और भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख साफ नजर आ रहा है और अब देखना यह होगा कि यह मुहिम कितनी दूर तक असर दिखा पाती है।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़