बबेरू तहसील क्षेत्र के ग्राम मुरवल स्थित सरकारी शराब की दुकान पर तैनात रोहित सिंह सेल्समैन ने मुरवल चौकी में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के मुताबिक, 13 जुलाई, शनिवार को करीब 4:30 बजे तीन युवक दुकान पर पहुंचे और उधार शराब मांगी। सेल्समैन रोहित सिंह के मना करने पर गाली-गलौज करते हुए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद उन्होंने अपने पांच अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर सेल्समैन के साथ मारपीट की। हंगामे की आवाज सुनकर पास ही स्थित अंग्रेजी शराब दुकान का सेल्समैन मोहित मौके पर पहुंचा, लेकिन दबंगों ने उसे भी लाठी-डंडों से पीट दिया। किसी तरह मोहित अपनी दुकान में भागकर छिपा, पर हमलावरों ने उसे घसीट कर बाहर निकाला और दोबारा मारपीट की।
इतना ही नहीं, हमलावर दुकान में रखे ₹8,600 नकद और 6 क्वार्टर शराब भी उठा ले गए। पीड़ित ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया गया है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दबंग खुलेआम धमकी दे रहे हैं, जिससे सेल्समैन को कभी भी गंभीर खतरा हो सकता है।
बांदा से संवाददाता, विनय सिंह की रिपोर्ट