सीईओ जिला पंचायत द्वारा किया गया ग्राम पंचायतों का भ्रमण, स्कूल आंगनबाडी के निरीक्षण के साथ साथ देखे मनरेगा के कार्य
रिपोर्टर राजेंद्र धाकड़
नर्मदापुरम
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम श्री सोजान सिंह रावत ने 4 अगस्त को जनपद पंचायत नर्मदापुरम की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल, आंगनवाड़ी और मनरेगा के कार्यों का निरीक्षण कर नर्मदा परिक्रमा पथ अंतर्गत आश्रय स्थल पर होने वाले वृक्षारोपण स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्कूलों में बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों के निरीक्षण के दौरान बच्चों को अर्थ सहित विषय समझाने के निर्देश दिए। श्री रावत ने आंगनवाड़ी में बच्चों की कम उपस्थिति और भोजन वितरण में अनियमितता पर नाराजगी व्यक्त की।उन्होंने रढाल गौशाला के समीप महिला शक्ति सीएलएफ द्वारा बनाए जा रहे वायो प्रोटीनास यूनिट का निरीक्षण किया और उत्पादन बढ़ाने और विपणन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रढाल और तालनगरी में नवीन तकनीकी से बनने वाली सड़कों का निरीक्षण किया और कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।भ्रमण के दौरान कार्यपालन यंत्री प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नर्मदापुरम, पीओ मनरेगा एवं सहायक यंत्री जनपद पंचायत उपस्थित रहे।