नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
हजारीबाग “साथी अभियान” के तहत 25 निराश्रित बच्चों को मिला आधार कार्ड
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अनूठी पहल
हजारीबाग: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), हजारीबाग द्वारा “साथी अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में रह रहे निराश्रित और स्लम क्षेत्रों के बच्चों की पहचान कर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है।
अभियान के पहले चरण में पूरे जिले में निराश्रित बच्चों को चिन्हित किया गया, जिसके उपरांत न्याय सदन भवन में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। जुलाई माह में आयोजित इस कैंप में कुल 25 निराश्रित बच्चों के निःशुल्क आधार कार्ड बनाए गए। ये सभी बच्चे स्लम इलाकों से आते हैं और अब तक सरकारी मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे।
DLSA सचिव गौरव खुराना ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधान जिला जज रंजीत कुमार के देखरेख में संचालित किया जा रहा है। “साथी टीम” में कई विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हैं जिनमें डीसीपीओ, यूआईडीएआई प्रतिनिधि, जिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, बाल विकास पदाधिकारी, जुवेनाइल यूनिट के पुलिस अधिकारी, चार पैनल अधिवक्ता एवं चार पारा लीगल वॉलंटियर शामिल हैं।
यह अभियान निराश्रित बच्चों के जीवन में बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।