नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
आस्था का अनोखा उत्सव चतुर्थ श्री श्याम मनुहार महोत्सव 24 अगस्त रविवार को अग्रसेन भवन में
श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार हजारीबाग के द्वारा 24 अगस्त को चतुर्थ श्री श्याम मनुहार महोत्सव का आयोजन
हजारीबाग
हजारीबाग: श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार के तत्वावधान में चतुर्थ श्री श्याम मनुहार महोत्सव का भव्य आयोजन 24 अगस्त रविवार को अग्रसेन भवन में किया जाएगा। यह दिव्य आयोजन पिछले चार वर्षों से मंडल के श्याम प्रेमियों द्वारा पूरी निष्ठा,श्रम और समर्पण भाव से संपन्न किया जा रहा है। इस बार भी कार्यक्रम को पावन आशीर्वाद श्री श्याम परिवार, तुलसी धाम,कोलकाता का मिलेगा, जबकि विशेष सहयोगी संस्था के रूप में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भक्ति रस में डुबोने के लिए देश के विख्यात भजन गायक हरमिंदर पाल सिंह रोमी, चैतन्य दाधीच, और दीपांशु अग्रवाल अपनी सुरमयी और भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुतियों के माध्यम से श्याम प्रेमियों को बाबा की भक्ति में झुमाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:15 बजे बाबा श्याम की भव्य पूजा-अर्चना के साथ होगा, जिसके पश्चात भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार और मधुर संकीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक आयोजित होंगे। इस दौरान बाबा की फूलों की होली, इत्र वर्षा और विशेष झांकियां श्रद्धालुओं को अनोखा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेंगी। रात्रि में छप्पन भोग एवं सवामणि का भोग प्रभु श्री श्याम को अर्पित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान अग्रसेन भवन श्याम धुनों, भक्ति संगीत, और आस्था के रंगों से सरोवर हो उठेगा। आयोजक मंडली ने समस्त श्याम भक्तों, श्रद्धालुओं और शहरवासियों से इस भव्य महोत्सव में परिवार सहित पधार कर बाबा श्याम के दिव्य दर्शन एवं भक्ति रस का लाभ लेने का विनम्र आग्रह किया है।