नई भवन उपविधियों पर विस्तृत विचार-विमर्श, बायलॉज की सरल व्यवस्था से प्रतिनिधि संतुष्ट
सहारनपुर । सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) द्वारा सर्किट हाउस सभागार में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधियाँ एवं आदर्श जोनिंग रेगुलेशन्स-2025 पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीए के अध्यक्ष/आयुक्त ने की। इस कार्यशाला में रियल एस्टेट डेवलपर्स, बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स एसोसिएशन, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज, होजरी एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
नई उपविधियों के प्रमुख बिंदु
100 वर्गमीटर तक आवासीय और 30 वर्गमीटर तक व्यावसायिक भवनों के मानचित्र की स्वीकृति मात्र ₹1 की टोकन राशि पर ऑनलाइन पंजीकरण के साथ।
9 मीटर या अधिक चौड़े मार्गों पर 300 वर्गमीटर तक के आवासीय मानचित्रों को आर्किटेक्ट प्रमाणपत्र के आधार पर छूट।
500 वर्गमीटर तक के आवासीय एवं 200 वर्गमीटर तक के व्यावसायिक भवनों के मानचित्र की त्वरित स्वीकृति।
पृष्ठ सेटबैक में निर्माण के शमन की सुविधा।
18 मीटर से चौड़े मार्गों पर स्थित भूखंडों को व्यावसायिक उपयोग की स्वीकृति।
कृषि भूमि पर 7 मीटर एवं औद्योगिक भूमि पर 9 मीटर चौड़े मार्गों पर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति।
9 मीटर (आवासीय) और 12 मीटर (गैर-आवासीय) मार्गों पर अधिकतम चार भूखंडों तक के एकीकरण की सुविधा।
प्रतिनिधियों ने नई उपविधियों की सराहना करते हुए इन्हें सरल, व्यवहारिक एवं जनहितकारी बताया। साथ ही, इन प्रावधानों को शीघ्र लागू करने की अपील की गई ताकि शहरी विकास को गति मिल सके और आम नागरिकों को सुगमता से स्वीकृति मिल सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़