दुद्धी में जन्माष्टमी पर शिवाला, संकट मोचन मंदिर व रामलीला मैदान में धूमधाम से दही-हांडी का आयोजन
दुद्धी/सोनभद्र। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कस्बे में इस बार विशेष उमंग और उत्साह देखने को मिला। नगर के प्रमुख शिवाला मंदिर, संकट मोचन मंदिर और रामलीला मैदान में दही-हांडी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। दोपहर बाद निकले जुलूस के दौरान दही-हांडी कार्यक्रमों के लिए श्रद्धालु और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र होने लगे।शिवाला मंदिर के पास युवाओं की टोलियों ने पारंपरिक अंदाज में पिरामिड बनाकर ऊँचाई पर बंधी दही-हांडी को फोड़ा। ड़ोल-नगाड़ों और जयकारों की गूँज से माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बन गया।
रामलीला मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से युवाओं और बच्चों की भीड़ उमड़ी। वहीं राधा कृष्णा मंदिर ,शिवाला और संकट मोचन मंदिर आदि झाकियों के सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हर उम्र के श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियों का आनंद लेते नजर आए।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह