लोकेशन मंडलेश्वर
संवाददाता राजा गोखले
आत्मशुद्धि के महापर्व पर्युषण से पूर्व, मंडलेश्वर के जैन मंदिर में हुआ भव्य शुद्धिकरण और मार्जन।
मंडलेश्वर। सकल दिगंबर जैन समाज, मंडलेश्वर ने आगामी पर्युषण पर्व की शुरुआत से पहले 23 अगस्त 2025 को श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जी में एक भव्य पृक्षाल (मंदिर शुद्धिकरण) और मार्जन (सफाई) का आयोजन किया। यह आयोजन पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें समाज के सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पर्युषण पर्व को आत्मशुद्धि और संयम साधना का महापर्व माना जाता है, और इसी भावना के साथ समाजजनों ने मंदिर परिसर, सभा मंडप, जिनालय और सभी देव प्रतिमाओं की विधिवत सफाई और जलाभिषेक किया। इस सेवा कार्य में समाज के वरिष्ठजनों, महिला मंडल, युवा एवं बाल मंडल के सदस्यों ने सामूहिक रूप से सहभागिता निभाई। शुद्धि के बाद, मंदिर को रंग-बिरंगे और आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से भर उठा।
इस अवसर पर प्रतिमाओं का अभिषेक, शांतिधारा, आरती और मंगलाचरण जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। समाज के सदस्यों ने इस आयोजन को आगामी पर्व के लिए एक शुभ और पवित्र आरंभ बताया। इस भव्य आयोजन में समाज अध्यक्ष रक्षित जैन, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार जैन एवं राजेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष पृथ्वी चंद जैन, सहमंत्री अंतिम कुमार जैन सहित प्रवीण जैन, महावीर जैन, नयन जैन, पारस जैन, राकेश जैन, जितेंद्र जैन, संयम जैन और अन्य समाजजन उपस्थित रहकर पुण्यार्जन किया।
पंडित संवेग शास्त्री के सानिध्य में होंगे आयोजन
समाज मंत्री मनोज कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्युषण पर्व के दौरान श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जी में प्रतिदिन विविध धार्मिक आयोजन होंगे। इनमें अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, प्रवचन, स्वाध्याय, तपस्या, आराधना और भक्ति संगीत शामिल है। ये सभी आयोजन सांगानेर, जयपुर से पधारे आमंत्रित विद्वान पंडित संवेग जी शास्त्री के पावन सानिध्य में संपन्न होंगे। पर्व का समापन क्षमावाणी महोत्सव के साथ होगा, जहाँ सभी एक-दूसरे से क्षमा याचना कर आपसी सद्भाव और प्रेम को मजबूत करेंगे।