सीमाएं सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया
सहारनपुर। जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सहारनपुर पुलिस ने शनिवार को नाकाबंदी एवं सीमा सीलिंग कार्ययोजना लागू करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में की गई।
पुलिस द्वारा बनाई गई इस व्यापक कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इसके तहत जनपद की सीमाओं को पूर्णतः सील किया गया तथा रणनीतिक स्थानों पर गहन चेकिंग की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी एवं सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में 24 स्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 स्थानों तथा अंतरजनपदीय/अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर 10 स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की गई।
पुलिस ने बताया कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों जैसे सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी और इंटेलिजेंस इनपुट का उपयोग कर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इस कार्ययोजना का मकसद अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास पैदा करना है, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ घटित घटनाओं का त्वरित अनावरण हो सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़