इंडियन टीवी न्यूज़ ब्यूरो चीफ भोपाल मध्य प्रदेश प्रवीण कुमार दुबे
भोपाल में सजी केदारनाथ धाम की भव्य झांकी:कोलकाता के कलाकारों ने बनाई, रोजाना हजारों श्रद्धालुओं कर रहे दर्शन
भोपाल
राजधानी भोपाल में गणेशोत्सव इस बार कुछ खास नजर आ रहा है। भोपाल में लालघाटी पर राजा गणेश उत्सव समिति ने इस साल केदारनाथ धाम की भव्य झांकी तैयार कराई है, जिसे देखने के लिए रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। झांकी कोलकाता से आए बंगाली कलाकारों ने करीब एक महीने की अथक मेहनत से तैयार की है।
समिति के प्रमुख विनोद यादव ने बताया कि उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम का स्वरूप हूबहू उतारने का प्रयास किया गया है। झांकी में ज्योतिर्लिंग, नंदी और मंदिर परिसर को इस तरह से सजाया गया है कि श्रद्धालु खुद को वास्तविक केदारनाथ धाम में अनुभव करते हैं।
गजानन महाराज की प्रतिमा के साथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने का विशेष प्रबंध किया गया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यहां आकर ऐसा महसूस होता है मानो वे सचमुच केदारनाथ यात्रा पर निकल पड़े हों।
उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़।
झांकी बनाने की लागत करीब 5-6 लाख
समिति प्रमुख यादव का कहना है कि हर बार प्रयास यही रहता है कि दूरदराज स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थलों का दिव्य स्वरूप भोपाल लाकर यहां के भक्तों को दर्शन कराए जाएं। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों लोग कठिन पर्वतीय यात्राओं के कारण केदारनाथ नहीं पहुंच पाते। ऐसे भक्तों को राजधानी में ही उसी भव्यता के साथ केदारनाथ धाम का अनुभव मिल सके, यही उद्देश्य इस झांकी का है।
यादव ने बताया कि झांकी के निर्माण में कई चुनौतियां आईं। कपड़ा गुजरात से विशेष रूप से मंगाया गया। कारीगरों की टीम दिन-रात काम करती रही और आखिरकार निर्धारित समय पर झांकी तैयार हुई। उन्होंने कहा कि निर्माण में करीब 5 से 6 लाख रुपए की लागत आई है।
केदारनाथ जैसा ज्योतिर्लिंग भी इस झांकी में बनाया गया है।
भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक आयोजन भी हो रहे
गणेशोत्सव समिति की इस पहल ने राजधानीवासियों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई है। शाम को झांकी के सामने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक आयोजन भी हो रहे हैं। शहरभर से परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ झांकी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी अद्भुत और जीवंत झांकी भोपाल में पहली बार देखने को मिल रही है, जो गणेशोत्सव की भव्यता को और बढ़ा रही है।
तस्वीरों में देखें शहर की अन्य झांकियां…