दुद्धी (सोनभद्र)।गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे कस्बा स्थित मकतब जाबारिया विद्यालय की बाउंड्री से गिरकर एक (लगभग 13 वर्षीय) छात्र घायल हो गया। छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय ईदगाह में आगामी त्यौहार ईद-ए-मिलादुन्नबी की तैयारियां जोरशोर से चल रही थीं। साज-सज्जा के दौरान मोहम्मद रोज़ान पुत्र मोहम्मद मुख्तार निवासी कस्बा कल्लीबहरा, जो मकतब जाबारिया विद्यालय में कक्षा 8 का छात्र है, झंडा लगाने के लिए बाउंड्री पर चढ़ा हुआ था। तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर चोटें आ गईं।
घटना के तुरंत बाद उसके बड़े भाई मोहम्मद फरहान उसे घर ले आए, लेकिन कुछ देर बाद छात्र की हालत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां आने लगीं। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवार के अनुसार रोज़ान दो भाइयों में छोटा है। जबकि पिता मोहम्मद मुख्तार रोज़गार के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह