तल्हेडी बुजुर्ग-पारिवारिक झगड़े में तल्हेडी चौकी बनी जंग का मैदान, पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को नेहा पत्नी अमित निवासी शाहपुर अपने नन्दोई सागर पुत्र रामभूल निवासी जड़ौदा जट्ट के साथ अपने पति के विरुद्ध तल्हेडी बुजुर्ग चौकी में तहरीर देने के लिए आई थी। इसी बीच नेहा के ससुर सलेख चंद और जमाई सागर के बीच चौकी क्षेत्र में ही जमकर मारपीट हो गई, जिसमें वृद्ध सलेख चंद घायल हो गया। अपने पिता की नाक से खून बहता देख सलेख चंद का बड़ा पुत्र सुमित भी लड़ाई में शामिल हो गया जिसके बाद काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष चला। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर बमुश्किल झगड़े को शांत कराया लेकिन दोनों पक्षों के बीच ज़ुबानी जंग का दौर जारी रहा। कुछ देर बाद चौकी प्रभारी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। दोनों पक्षों से हुई बातचीत में पति अमित ने अपनी पत्नी नेहा ओर बहनोई पर गम्भीर आरोप लगाए जबकि पत्नी नेहा ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया। दोनों ही पक्ष पुलिस के सामने झगड़ा करने को अमादा दिखाई दिए। जिसको देखकर चौकी प्रभारी तिलमिला उठे और मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के लोगों को देवबंद कोतवाली भिजवा दिया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़