त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
आमजनमानस की समस्यायों और शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जालौन कोतवाली में सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्ता एवं गुण-दोष के आधार पर किया जाए। शिकायतों के समाधान में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि फरियादियों को बार-बार परेशान न होना पड़े।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी मामला लंबित न रहे और प्रत्येक शिकायत का समाधान न्यायसंगत एवं निष्पक्ष रूप से किया जाए। जिलाधिकारी ने भूमि विवादों का समयबद्ध निस्तारण कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी और इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना दिवस में पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी छोटी-बड़ी शिकायतों को सूचीबद्ध कर एक रजिस्टर में दर्ज किया जाए और उनके समाधान की निर्धारित समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो और फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश