कोंच कोतवाली पुलिस ने 11/12 सितंबर की आधी रात के बाद गांव भदेवरा में हुई 75 वर्षीय वृद्धा की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या मृतका की नातिन और उसके प्रेमी ने मिलकर की है। नातिन को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। हत्या के पीछे का कारण नातिन का प्रेम प्रसंग बताया गया है। वृद्धा ने अपनी नातिन के साथ प्रेमी को घर में देखा तो आग बबूला हो गई और नातिन को न केवल जमकर खरी-खोटी सुनाई बल्कि सुबह होने पर पूरे मोहल्ले को यह बात बताने की धमकी तक दे डाली। नातिन की तमाम मिन्नतों का भी जब वृद्धा पर कोई असर नहीं हुआ तो गुस्से में आकर सिलबट्टे से उसका सिर कूच कर हत्या कर दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर जब सवाल पर सवाल दागे तो वह टूट गई और उसने पूरी घटना पुलिस को बताते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। अगर वृद्धा मामला उजागर करने की जिद न करती तो उसकी जान बच सकती थी। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने शनिवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया, पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा घटना के अनावरण के लिए एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की टीमें गठित कीं गईं थीं और अपर पुलिस अधीक्षक महोदय को इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सीओ ने बताया कि मृतका परमादेवी की नातिन पल्लवी उर्फ मिनी पुत्री कृष्ण बिहारी से जब गहनता से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा बताया गया, उसने अपने प्रेमी दीपक पुत्र रामलाल निवासी ग्राम तोरना थाना रेंढर के साथ मिलकर अपनी दादी परमा देवी की शिल बट्टा से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बकौल पल्लवी 11 सितंबर 2025 को दीपक उसके गांव में अपनी बहन रोशनी के घर आया था और उसकी तथा दीपक की फोन पर व्हाटसएप्प के माध्यम से चैट हुई तो दीपक ने बताया कि वह भदेवरा आया है। रात करीब 11 बजे दीपक उसके घर पर आ गया। उस समय दादी सो रही थी। दीपक उसके कमरे में आ गया और दोनों आपस में प्रेम प्रसंग की बातचीत कर रहे थे तभी दादी की आंख खुल गई। उन्होंने उन दोनों को देख लिया और चिल्लाने का प्रयास किया तो दीपक ने पास में रखे हुए पत्थर के शिल को उठाकर दादी के सिर में मार दिया जिससे दादी चारपाई पर ही लहुलुहान होकर बेहोश हो गई और दमतोड़ दिया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश