दुद्धी सोनभद्र। बुधवार रात कटौली में छत ढलाई के दौरान बल्ली गिरने से मनबसा निवासी कमलेश (28) पुत्र रामानंदन घायल हो गए। सिर फटने के बाद रिश्तेदार मुन्ना ने निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुँचाया। बताया गया कि 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए कई बार कॉल करने के बावजूद सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे घायल को परिजनों ने रात्रि को घर पर ही पट्टी बांधकर रखा।
गुरुवार सुबह निजी साधन से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी एंबुलेंस समय पर न आने से आमजन को राहत नहीं मिल रही है, जबकि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ करवाने के लगातार दावे किए जाते हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं स्थापित की गई हैं, ताकि आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को मुफ्त सेवा मिल सके, लेकिन कई बार एंबुलेंस उपलब्ध न होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की कि एंबुलेंस सेवा को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की असुविधा न हो।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह