दुद्धी सोनभद्र।कोतवाली के अमवार चौकी क्षेत्र के पुनर्वास कॉलोनी में बुधवार की रात्रि धारदार हथियार सटाकर चोरी की घटना सामने आई है। लेकिन घटना को लेकर पीड़ितों और गवाहों के बयान अलग-अलग आने से मामले की सच्चाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि लगभग ढाई बजे धारदार हथियार के बल पर चोरी की घटना घटित होना संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं तहरीर और बयान में भी विरोधाभास नजर आ रहे हैं। तहरीर में दर्ज है कि दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे। आरोप है कि एक ने महिला के ऊपर धारदार हथियार रख दिया जबकि दूसरा बच्चे को उठा लिया। इसी बीच आलमारी से नगदी निकालने, कुछ सुंघाने और गाड़ी की चाबी मांगने जैसी बातें बतायी गई हैं।
सवाल यह भी उठता है कि यदि चोर गाड़ी की चाबी मांग रहे थे और नहीं मिलने पर धमकी दी गई, तो किसी अन्य वाहन में आग कैसे लगा दी गई? साथ ही घटना की जानकारी तुरंत परिजनों तक पहुँचना भी संदेह का विषय बन गया है।
इस बाबत नवागत कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता के साथ सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने माना कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह