कैमोर में रामलीला मंचन का शुभारंभ, “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंजा मैदान
मध्य प्रदेश कटनी। औद्योगिक नगरी कैमोर के अदानी एसीसी रामलीला मैदान में मंगलवार रात्रि से वाराणसी रामलीला मंडल बहोरीबंद देवरी द्वारा रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माला अर्पण, दीप प्रज्वलन और श्रीराम की आरती के साथ हुई।इस अवसर पर अदानी एसीसी के प्लांट हेड अतुल दत्ता, नगर परिषद अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर, एचआर हेड दिनेश पाठक, डीजीएम अमिताभ राजन, सीएसआर विभाग प्रमुख एनिट विश्वास, पार्षदगण मनीषा अजय शर्मा, अनिता सेन सहित नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस अवसर पर अतुल दत्ता और पलक ग्रोवर ने संयुक्त रूप से नगरवासियों से अपील की कि सभी लोग शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व को मनाएँ ताकि यह ऐतिहासिक आयोजन सफल और यादगार बन सके।पहले दिन के मंचन में भगवान श्रीराम के बाल रूप से जुड़े प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया। कलाकारों की संवाद अदायगी, वेशभूषा और मंच सज्जा ने दर्शकों का मन मोह लिया। “राम जन्म” और “ताड़का वध” के दृश्य सबसे अधिक सराहे गए।
रामलीला समिति ने बताया कि प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से मंचन होगा और यह विजयादशमी तक चलेगा। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा गार्ड और पुलिस बल की तैनाती की गई है। पहले दिन के मंचन में भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मैदान “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट