दो राजस्व निरीक्षकों का भी हुआ क्षेत्रीय बदलाव
दुद्धी सोनभद्र। लंबे समय से लेखपालों की कमी से जूझ रहे दुद्धी तहसील प्रशासन को अब बड़ी राहत मिली है। शनिवार को उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव ने कुल 36 नए लेखपालों के कार्यक्षेत्र का बंटवारा कर दिया। इनमें 34 पुरुष और 2 महिला लेखपाल शामिल हैं।
नए लेखपालों के मिलने से अब दुद्धी तहसील में लेखपालों की संख्या 60 से बढ़कर 96 हो गई है। इसके अलावा आठ लेखपालों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में तहसील के दो राजस्व निरीक्षकों का भी क्षेत्रीय फेरबदल किया गया है। दुद्धी राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ल को अमवार का कार्यक्षेत्र सौंपा गया है, जबकि अमवार राजस्व निरीक्षक नागेन्द्र कुमार पाठक को दुद्धी क्षेत्र का प्रभार दिया गया है।
उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने कार्यक्षेत्र ग्रहण करने वाले सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे शीघ्र अपने-अपने क्षेत्र में पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा क्षेत्रीय समस्याओं से रूबरू होकर समाधान की दिशा में कार्य करें।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह
