महराजगंज, 22 सितंबर : मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत रविवार को शाम महराजगंज में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। नगर चौराहे से जिलाधिकारी ने 100 से अधिक महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली दुर्गा मंदिर से शुरू होकर गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर केएमसी हॉस्पिटल होते हुए पुनः दुर्गा मंदिर पर संपन्न हुई। महिला पुलिस कर्मियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ रैली में भाग लिया।
रैली के दौरान लोगों को महिला सुरक्षा, सम्मान, और स्वावलंबन का संदेश दिया गया। महिला हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार कर लोगों को जागरूक किया गया ताकि आवश्यकता पड़ने पर महिलाएं तत्काल मदद प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी भी इस आयोजन में उपस्थित रहे।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)