सभी थानों पर श्रद्धांजलि के साथ मनाई गई महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री जयंती
सत्य, अहिंसा और जय जवान-जय किसान का संदेश गूंजा
सहारनपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर जनपद सहारनपुर के समस्त थानों में बुधवार को श्रद्धांजलि एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रमों के दौरान महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, शांति और स्वावलम्बन के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और ‘‘जय जवान-जय किसान’’ के उद्घोष की महत्ता को स्मरण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महापुरुषों के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक हैं।
सभी थाना प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सत्य और नैतिकता पर डटे रहने की प्रेरणा देता है, वहीं शास्त्री जी का व्यक्तित्व हमें परिश्रम और सादगी के साथ राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का संदेश देता है।
इस मौके पर पुलिसकर्मियों को यह शपथ भी दिलाई गई कि वे अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सत्य, ईमानदारी और सेवा भाव को अपनाते हुए सदैव राष्ट्रहित में कार्य करेंगे, समाज में शांति, सौहार्द और एकता बनाए रखेंगे तथा अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करेंगे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़