त्योहार से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
सरसावा।। दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को विभाग की टीम ने सरसावा क्षेत्र में चल रही एक पनीर फैक्टरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में खराब पनीर और दूध नष्ट कराया। फैक्टरी में गंदगी के बीच घटिया स्तर का पनीर तैयार किया जा रहा था।
गंदगी और मिलावट का अड्डा बनी फैक्टरी
टीम को सूचना मिली थी कि सरसावा में मदरसा हकीमुल उम्मत के पास संचालित एक पनीर इकाई में मिलावटखोरी की जा रही है। मौके पर पहुंची टीम ने जब फैक्टरी की स्थिति देखी तो वहां स्वच्छता के नाम पर कुछ भी नहीं मिला। गंदे बर्तनों और सड़े हुए दूध में रिफाइंड पामोलीन ऑयल मिलाकर पनीर तैयार किया जा रहा था। पूरी इकाई में दुर्गंध फैली थी और रख-रखाव की स्थिति बेहद खराब पाई गई।
135 किलो पनीर और 200 लीटर दूध नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 135 किलो पनीर जब्त किया, जिसमें से एक नमूना जांच के लिए सुरक्षित किया गया, जबकि शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसकी बाजार कीमत करीब ₹29,480 बताई गई। इसके साथ ही करीब 200 लीटर दूध भी मानकों पर खरा नहीं उतरा, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया। इस दूध की कीमत लगभग ₹10,000 आंकी गई।
नमूने भेजे गए जांच के लिए.
विभागीय टीम ने कच्चे दूध, प्रोसेस्ड दूध, रिफाइंड पामोलीन ऑयल और क्रीम के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले सख्त निगरानी
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में दूध, मावा, मिठाई और दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई.
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) मनोज कुमार वर्मा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला ने किया। उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह, जगदंबा प्रसाद, महेश कुमार, सुमन पाल और अमित कुमार गौतम भी मौजूद रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़