महराजगंज, 13 अक्टूबर 2025 — युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग महराजगंज द्वारा आयोजित खेल प्रोत्साहन सामग्री वितरण कार्यक्रम आज जिले के बुद्धा सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के युवाओं को खेलकूद के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविकांत पटेल, माननीय विधायक सदर श्री जय मंगल कन्नौजिया, जिलाधिकारी श्री संतोष शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री अनुराज जैन, तथा जिला युवा खेल अधिकारी श्री वैभव सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इन सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने युवा मंगल दलों और महिला मंगल दलों को खेल सामग्री वितरित की और युवाओं को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर फरेन्दा के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री वीरेन्द्र चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। सरकार युवाओं को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा एवं महिला मंगल दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल सामग्री प्राप्त कर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे नशा, अपराध और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और जिले का नाम रोशन करें।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)