नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
फास्ट ट्रैक कोर्ट से फांसी की मांग: मृत आंगनबाड़ी सेविका के परिवार को विधायक अंबा प्रसाद ने दिलवाया मुआवजा व बच्चों की शिक्षा
हजारीबाग/रामगढ़: पतरातु प्रखंड की कुरसे पंचायत अंतर्गत घाघरा बस्ती की आंगनबाड़ी सेविका अंजलि गाड़ी की दुष्कर्म और निर्मम हत्या के मामले ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में गहरा आक्रोश है।
विधायक अंबा प्रसाद ने इस जघन्य अपराध पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक महिला के साथ अन्याय नहीं, बल्कि समाज की चेतना पर गहरा प्रहार है। मृतक के पीछे दो छोटे बच्चे और एक 14 साल की बेटी छूट गई है।
विधायक ने सुनिश्चित की कार्रवाई और
सहायता:
विधायक अंबा प्रसाद ने तत्काल रामगढ़ एसपी से बात कर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और अपराधी सुबेंद्र यादव, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिले। एसपी ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इसके साथ ही, विधायक ने पीड़ित परिवार के लिए तत्काल सहायता सुनिश्चित की है:
मुआवजा: परिवार को मिलने वाले 8-10 लाख रुपये के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करवाई गई है।
शिक्षा एवं सुरक्षा: बच्चों की स्कूल फीस माफ करने और उनकी आगे की शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई गई है।
सामाजिक पतन पर चिंता व्यक्त:
विधायक अंबा प्रसाद ने इस घटना के माध्यम से समाज में बढ़ रही अश्लीलता और फूहड़ता पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में हमारी संस्कृति और संस्कार धीरे-धीरे खत्म होते जा रहे हैं। रील और सोशल मीडिया के माध्यम से छोटे बच्चे भी ‘गंदगी’ का शिकार हो रहे हैं, और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी फूहड़ता को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने समाज, परिवार और प्रशासन से मिलकर काम करने का आह्वान किया कि ऐसी घटनाओं को न सिर्फ सख्ती से रोका जाए, बल्कि संस्कृति और मानवीय संवेदना को भी फिर से जीवित किया जाए, ताकि समाज को एक सकारात्मक दिशा दी जा सके।