प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह ने नेत्रहीन बच्चों संग मनाई दीपावली
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने इस दीपावली पर एक अनोखी और भावनात्मक मिसाल पेश की। थाना प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह द्वारा थाना क्षेत्र के नेत्रहीन विद्यालय, चंद्र विहार कॉलोनी में पहुँचकर बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह ने विद्यालय में उपस्थित नेत्रहीन बच्चों को मिष्ठान (मिठाइयाँ) और पटाखे वितरित किए। बच्चों ने प्रसन्न होकर दीपावली की शुभकामनाएँ दीं, वहीं पूरा माहौल उल्लास और भावनाओं से भर गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक खुशियाँ पहुँचाना था जो भले ही दुनिया को न देख सकें, लेकिन अपनी मुस्कान से हर हृदय को रोशन कर देते हैं। थाना कुतुबशेर पुलिस की यह पहल खुशियाँ बाँटने से बढ़ती हैं के सन्देश को साकार करती है।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक श्री एच.एन. सिंह ने कहा, पुलिस केवल कानून व्यवस्था की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदना और आत्मीयता से जुड़ी है। इन बच्चों की मुस्कान ही हमारी सच्ची दीपावली है ।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़