दुद्धी सोनभद्र।तहसील क्षेत्र में बुधवार को अमवार चौकी व विंढमगंज थाना क्षेत्र में हुए दो सड़क हादसों में चार युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अमवार चौकी क्षेत्र के विनोद मोड़ के पास बुधवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार (24) पुत्र बद्रीनाथ, निवासी भीसुर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, मामूली रूप से घायल प्रभुनाथ सिंह (27) पुत्र रामसिंह निवासी भीसुर का इलाज सीएचसी दुद्धी में चल रहा है। परिजनों के अनुसार दोनों बघाडू से लौटते समय विनोद मोड़ के पास दुर्घटना का शिकार हो गए।
वहीं दूसरी घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के पास दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है , जहां अनियंत्रित टिपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में भगत (23) पुत्र जब्बर व मुकेश (22) पुत्र दिनेश, दोनों निवासी कृष्णा मंदिर के पीछे रेनुकूट, गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को सीएचसी दुद्धी भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस सीएचसी पहुंची और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके से फरार टिपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह