नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग: हृदयविदारक हादसा! छठ के दौरान तालाब में डूबने से एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की मौत
हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी प्रखंड के झरदाग गांव में मंगलवार को छठ पूजा के दूसरे दिन एक दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को गहरे शोक में डुबो दिया। दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच, एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे तालाब में स्नान के दौरान डूब गए। इस हृदयविदारक हादसे में चारों बच्चों की असमय मौत हो गई। खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और लोग स्तब्ध रह गए।
पल भर में छिन गई चार जिंदगियां
बताया गया है कि छठ महापर्व के दौरान बच्चे तालाब में स्नान कर रहे थे, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। कुछ ही क्षणों में चारों मासूमों की जिंदगी मौत की गहराइयों में समा गई। यह हादसा मानव हृदय को झकझोर देने वाला है, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने व्यक्त की संवेदना
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
मुन्ना सिंह ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि, “चार मासूम फूलों का यूं असमय जाना किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा है। इस दुःख की घड़ी में मैं व्यक्तिगत रूप से और पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। हम हर स्तर पर सहायता और सहयोग सुनिश्चित करेंगे।”