इंडियन टीवी न्यूज
सुशील चौहान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से संपन्न करने के निर्देश
सिवनी/ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री संजीव कुमार झा ने आज प्रदेश के कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में श्री झा ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है अतः इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मैदानी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या सुधार करवाने का अवसर प्राप्त हो सके।उन्होंने कहा कि बीएलओ (BLO) निर्धारित समयावधि में घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करें और सभी रिकॉर्ड का सही संधारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं कार्य की सतत मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की शिकायत या त्रुटि की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करें।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिले से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शीतला पटले अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप तथा सभी ईआरओ उपस्थित रहे।
➡️ विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ (BLO) द्वारा 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक घर-घर जाकर गणना पत्रक भरे जाएंगे तथा संकलित पत्रक संबंधित ईआरओ (ERO) को जमा किए जाएंगे।
9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी 9 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस चरण अंतर्गत सुनवाई होगी जबकि 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।