स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निचलौल में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया
निचलौल (महराजगंज)। 31 अक्टूबर 2025
स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निचलौल में शुक्रवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती धूमधाम से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सरदार पटेल जी के योगदान और उनके अदम्य राष्ट्रप्रेम को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी लौह इच्छाशक्ति, दूरदृष्टि और अद्वितीय संगठन कौशल के बल पर देश की बिखरी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एकजुट किया। वे सच्चे अर्थों में भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक थे।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और देश की अखंडता व सशक्तता के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्री रामभरोस जी, शिक्षण स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि एक सशक्त राष्ट्र, एकता, विश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना से ही निर्मित होता है।
अंत में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)