इंडियन टीवी से ब्यूरो चीफ मयंक यादव रिपोर्ट
बिजनौर, संवाददाता जनपद बिजनौर के
नगीना में एसडीएम कोर्ट के पास स्थित साइबर कैफे और फोटो कॉपी की दुकान पर आधार कार्ड बनाने में फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। देर रात छापेमारी के दौरान नायब तससीलदार अजब सिंह ने दुकान से आधार कार्ड मशीन और कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
सूत्रों के अनुसार चौहान फोटोकॉपी की दुकान पर रात के अंधेरे में आधार कार्ड बनाने और पुराने आधार कार्ड में संशोधन का काम किया जा रहा था। इस दुकान में सरकारी बैंक से जुड़ी आधार मशीन रखी गई थी, जिसका इस्तेमाल अनधिकृत तरीके से लोगों से रुपये वसूलकर आधार कार्ड बनवाने में किया जा रहा था।
आरोप है कि नया आधार कार्ड बनवाने या पुराने में सुधार कराने वालों से 1000 से 1500 रुपये तक की वसूली की जा रही थी। इतना ही नहीं, कई मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों के नाम पर नए आधार कार्ड जारी किए जा रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस दुकान पर पिछले कई महीनों से लोगों की लंबी लाइनें लगी थीं।
मामले की जानकारी मिलने पर गुरुवार की देर रात नायब तहसीलदार अजब सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आधार कार्ड मशीन व फर्जी दस्तावेज़ जब्त कर कार्रवाई की।