दुद्धी सोनभद्र। शनिवार को तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी (एडीएम) वागीश शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान भूमि विवाद सहित अन्य मामलों से संबंधित कुल 36 जनशिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 2 मामलों का निस्तारण मौके पर तथा 1 मामले का निस्तारण टीम द्वारा किया गया। शेष 33 मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
दोपहर लगभग 12 बजे एडीएम वागीश शुक्ला तहसील परिसर से प्रस्थान कर गए। समाधान दिवस के शेष मामलों की सुनवाई एसडीएम निखिल यादव की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। किसी भी मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी टी. एन. टी., सीओ राजेश कुमार राय, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, नायब तहसीलदार ओ. पी. सिंह, ज्ञानेंद्र कुमार, बीडीओ दुद्धी राम विशाल चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह