जिला संयोजन समिति की बैठक में अधिवेशन की तैयारी शुरू
दुद्धी सोनभद्र।जन मुद्दों की लोकतांत्रिक राजनीति को देश में मजबूत करना आज समय की आवश्यकता है। इसी विचार के तहत ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) ने अपने चौथे राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह अधिवेशन 7 व 8 दिसंबर को नई दिल्ली के हरकिशन सिंह सुरजीत भवन में आयोजित होगा, जिसमें सोनभद्र जिले से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। अधिवेशन की तैयारी को लेकर एआईपीएफ की जिला संयोजन समिति की बैठक म्योरपुर रासपहरी स्थित कार्यालय पर सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता किसान नेता रामचंद्र पटेल ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर मौजूद रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आज संविधान की रक्षा देश के सामने सर्वोपरि सवाल बन गया है। असमानता का स्तर आज आजादी से पहले के मुकाबले भी बढ़ गया है। एक सर्वे के अनुसार देश के 358 पूंजी घरानों के पास कुल संपत्ति का 40 प्रतिशत हिस्सा है, जबकि 70 प्रतिशत जनता के पास केवल 3 प्रतिशत संपत्ति है। वक्ताओं ने कहा कि बड़े पूंजी घरानों पर उचित टैक्स लगाकर प्रत्येक नागरिक के शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की संवैधानिक गारंटी दी जा सकती है। साथ ही प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सम्मानजनक रोजगार या सरकारी नौकरी का प्रावधान सुनिश्चित होना चाहिए।
बैठक में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की गतिविधियों पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि ये कंपनियां गांवों में नए सूदखोर के रूप में काम कर रही हैं, जो गरीब महिलाओं से 30 प्रतिशत तक ब्याज वसूल रही हैं और भुगतान न कर पाने पर उनका अपमान कर रही हैं। ऐसे में इन कंपनियों के नियमन हेतु कानून बनाने तथा प्रत्येक महिला स्वयं सहायता समूह को आत्मनिर्भर रोजगार के लिए दस लाख रुपये का अनुदान देने की मांग की गई।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दुद्धी क्षेत्र में सहारा, पल्स, एचबीएन, लाक जैसी कई नॉन बैंकिंग कंपनियां जनता का लाखों रुपये जमा लेकर फरार हो गई हैं। एआईपीएफ ने इन कंपनियों से जनता की जमा राशि की वसूली करने और संसद से पारित बड्स एक्ट 2019 को उत्तर प्रदेश में लागू करने की मांग की।
बैठक में रोजगार व सामाजिक अधिकार अभियान के जिला संयोजक इंजीनियर रामकृष्ण बैगा, मजदूर किसान मंच के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोंड, ठेका मजदूर यूनियन के जिला मंत्री तेजधारी गुप्ता, युवा मंच की जिला संयोजक सविता गोंड, जिलाध्यक्ष रूबी सिंह गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, इंद्रदेव खरवार व मनोहर गोंड सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह