दुद्धी सोनभद्र। कस्बे के प्राचीन शिवाजी तालाब परिसर में बुधवार की शाम देव दीपावली का भव्य आयोजन बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। हजारों दीपों की झिलमिल रोशनी जब तालाब की लहरों में प्रतिबिंबित हुई, तो पूरा क्षेत्र दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। हर ओर दीपों की कतारें और भक्ति संगीत की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी निखिल यादव और विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर उत्सव का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच काशी से आए पंडितों ने गंगा आरती संपन्न कराई जिसकी भव्यता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरती के समय पूरा तालाब परिसर भक्तिमय भाव से भर उठा।
गौरतलब है कि इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 2015 में तत्कालीन तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने की थी, जब पहली बार 5100 दीप जलाकर यह अनूठा आयोजन प्रारंभ हुआ था। तब से यह परंपरा हर वर्ष और भी अधिक भव्यता के साथ निभाई जा रही है। इस वर्ष भी तहसील प्रशासन की ओर से 5100 दीपों की व्यवस्था की गई, जिसकी जिम्मेदारी लेखपाल अरुण कन्नौजिया को सौंपी गई थी। नगरवासियों के सहयोग से हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित होकर अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे।
देव दीपावली महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छत्रपति शिवाजी तालाब समिति की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अध्यक्ष आयुष जायसवाल, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
अपने संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी। गंगा आरती के बाद हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस अवसर पर तहसीलदार अंजनी गुप्ता, नायब तहसीलदार ओ.पी. सिंह, ज्ञानेंद्र यादव, पूर्व चेयरमैन सुनीता कमल, कुलभूषण पांडेय, दिलीप पांडेय, अवधनारायण, रामेश्वर राय, सुरेंद्र गुप्ता, कमल कुमार कानू, कार्यक्रम संयोजक अरुण कन्नौजिया, विनय कुमार, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, जय बजरंग अखाड़ा समिति के कन्हैया अग्रहरि, विष्णुकांत तिवारी, रामपाल जौहरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी और नगरवासी उपस्थित रहे।
उधर देव दीपावली के पावन अवसर पर संकटमोचन मंदिर, मां काली मंदिर, पंचदेव मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, लौवा नदी तट, कैलाश कुंज द्वार, मल्देवा, जाबर सहित विभिन्न घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर जयघोष किया। मिट्टी के दीपों की रौशनी से मंदिरों और घाटों का दृश्य मनोहारी आलोक में नहाया नजर आया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी,विवेक सिंह