नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
जूटक्राफ्ट प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगी ग्रामीण महिलाएं; बसरिया में 25 दिवसीय कार्यक्रम का समापन
हज़ारीबाग: 06 नवम्बर 2025 मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के सौजन्य से जन जागरण केंद्र, हजारीबाग द्वारा संचालित 25 दिवसीय जूटक्राफ्ट कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज बरही प्रखंड के बसरिया गाँव में समापन समारोह आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 09 सितंबर से 09 अक्टूबर 2025 तक जन जागरण केंद्र, बरही सेंटर में चला।
उद्देश्य: स्वरोजगार और आजीविका सृजन
इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को जूटक्राफ्ट से जुड़ी उन्नत तकनीकों और आधुनिक डिज़ाइनों का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका सृजन के अवसर उपलब्ध कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जूट उत्पादों की डिजाइनिंग, निर्माण, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग एवं विपणन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें उत्पादन कार्य में दक्ष बनाने के लिए टूलकिट, प्रिंटिंग मशीन एवं जूट सिलाई मशीन का भी प्रशिक्षण दिया गया।
महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा समापन समारोह में वक्ताओं ने जूटक्राफ्ट से जुड़ी पारंपरिक कला को आधुनिक प्रशिक्षण के माध्यम से नया आयाम मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाएं अपने घर में ही स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी और इससे महिला उद्यमिता एवं स्थानीय रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य अतिथि:समारोह में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, हजारीबाग के जिला उद्यमी समन्वयक स्रिश त्रिपाठी, जन जागरण केंद्र के निदेशक अजेय कुमार सिंह, बसरिया की मुखिया पूनम देवी, बरही प्रखंड उद्यमी समन्वयक सुरेश चंद्र महतो, मास्टर ट्रेनर मोहम्मद ऐहसान एवं जैनुल, और जन जागरण केंद्र बरही के समन्वयक चितरंजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उत्पादन इकाई होगी स्थापित
प्रशिक्षण की सफलता के बाद, सफल प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एजेंसी द्वारा जूटक्राफ्ट वर्क ऑर्डर दिया जाएगा और उन्हें विभिन्न मेलों में भागीदारी का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
सबसे महत्वपूर्ण, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के सहयोग से बरही में जूटक्राफ्ट की लघु उत्पादन इकाई स्थापित की जा रही है, जहाँ ये प्रशिक्षित महिलाएं जूट उत्पादों का निर्माण कर स्थायी स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करेंगी।