नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
“रन फॉर झारखंड” का भव्य आगाज, उत्सव और गर्व से गूंजा शहर
हजारीबाग। झारखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह का आगाज आज (11 नवंबर, 2025) हजारीबाग में “रन फॉर झारखंड” के भव्य आयोजन के साथ हुआ। यह दौड़ जिला परिवहन कार्यालय (DTO) से शुरू होकर झंडा चौक पर संपन्न हुई, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त शशशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री इश्तियाक अहमद सहित जिला और प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारी, स्कूली बच्चे, युवा, वृद्ध, दिव्यांगजन और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
नारों और लोक कलाओं से भरा माहौल
प्रतिभागियों ने दौड़ के दौरान “जोहार झारखंड” और “हमारा गौरव, हमारा राज्य” जैसे नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। रैली को सांस्कृतिक रंग देने के लिए पारंपरिक बैंड, ड्रम, ढोल-नगाड़ों और लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिससे उत्साह और गर्व का माहौल बन गया।
अव्वल प्रतिभागियों को सम्मान: दौड़ के समापन पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने “रन फॉर झारखंड” में अव्वल आए प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
जन-जागरूकता प्रचार वाहन रवाना: रैली के समापन स्थल पर, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हजारीबाग द्वारा तैयार किए गए एक विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में जन-जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरा राज्य आज ‘सिल्वर जुबिली’ वर्ष का उत्सव मना रहा है, जिसकी झलक हजारीबाग की इस ऐतिहासिक दौड़ में साफ देखने को मिली।