नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग के विकास पर सांसद-डीसी में विस्तृत चर्चा
झील, छड़वा डैम, कनहरी हिल के सौंदर्यीकरण और सेंट्रल स्कूल की स्थापना पर हुआ विचार
हजारीबाग:हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने मंगलवार को हजारीबाग समाहरणालय में उपायुक्त (डीसी) शशि प्रकाश सिंह से मुलाक़ात कर जिले के विकास और जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
सांसद जायसवाल ने मुख्य रूप से हजारीबाग झील, छड़वा डैम और कनहरी हिल के सौंदर्यीकरण तथा समग्र विकास का मुद्दा उठाया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पूरे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगवाने, विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अध्ययन केंद्र स्थापित करवाने, कर्णपुरा क्षेत्र में एनटीपीसी प्रभावित इलाके में एक सेंट्रल स्कूल की स्थापना करने और जिले की पंचायत स्तर पर सामुदायिक केंद्र खुलवाने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सांसद मनीष जायसवाल को भरोसा दिलाया कि इन सभी आवश्यक विकास मुद्दों पर प्रशासन की ओर से सकारात्मक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
परिसर में सुनी जनसमस्याएं: उपायुक्त से वार्ता कर लौटने के क्रम में सांसद मनीष जायसवाल ने समाहरणालय परिसर में मौजूद ज़रूरतमंद क्षेत्रवासियों से मुलाक़ात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने तुरंत ही संबंधित जिलाधिकारियों से बात करके इन समस्याओं के त्वरित और सकारात्मक समाधान का प्रयास किया।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों में हजारीबाग के प्रसिद्ध समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह (हजारीबाग लोकसभा), सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, सदर विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, सदर प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि कृष्णा मेहता, दामोदर प्रसाद, भाजपा नेता राजेंद्र चंद्रवंशी, रंजीत चंद्रवंशी, अमित गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मनोरमा राणा, भाजपा नेत्री सत्यभामा सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।