नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
यूसेट के तीन छात्रों ने IITM प्रवर्तक से ग्रेजुएट फेलोशिप में प्रोजेक्ट कार्य किया पूरा
हजारीबाग : यूसेट (USET) के अंतिम वर्ष के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में आईआईटी मद्रास (IIT Madras) के प्रौद्योगिकी नवाचार केंद्र, आईआईटीएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के ग्रेजुएट फेलो के रूप में अपना प्रोजेक्ट कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए आईआईटीएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर, जी. वीरराघवन ने तीनों विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र जारी किए हैं।
प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले छात्रों में स्वीटी पांडे, तनु कुमारी और विष्णु प्रभात शर्मा शामिल हैं। इन तीनों को यह प्रमाण पत्र डीएसटी प्रवर्तक परियोजना के अंतर्गत जारी किया गया है।
तीनों विद्यार्थियों ने अपना यह परियोजना कार्य कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में पूरा किया।
फेलोशिप एवं चयन प्रक्रिया: फेलोशिप के तहत, स्वीटी पांडे और तनु कुमारी को 1 अक्टूबर 2024 से 30 सितंबर 2025 तक नियुक्ति की अवधि के दौरान, ₹6,000/- (छह हज़ार रुपये) प्रति माह की फेलोशिप राशि दी गई।
विष्णु प्रभात शर्मा को यह राशि 4 नवंबर, 2024 से 3 नवंबर, 2025 तक प्रदान की गई।
ग्रेजुएट फेलोशिप में चयन के लिए छात्रों से निर्दिष्ट प्रारूप में प्रस्ताव तैयार करके आईआईटीएम प्रवर्तक को प्रस्तुत करने की अपेक्षा की जाती है। तीनों विद्यार्थियों ने 2024 में अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे।
फेलो का अंतिम चयन संगठन के भीतर नामित समिति द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया। चयन प्रक्रिया में आमतौर पर शैक्षणिक उपलब्धियाँ, शोध प्रस्ताव, साक्षात्कार और सिफ़ारिशें शामिल होती हैं।
यूसेट निदेशक डॉ. आशीष कुमार साहा ने विद्यार्थियों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।