रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने रविवार को सिवनी स्थित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के नवनिर्मित शासकीय भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
हाल ही में अपने नए शासकीय भवन में स्थानांतरित हुए चाइल्ड हेल्पलाइन केंद्र को बाल-सुलभ वातावरण के अनुरूप तैयार किया गया है। परिसर की दीवारों पर बच्चों को सहज महसूस कराने वाली आकर्षक चित्रकलाएं बनाई गई हैं। केंद्र में परामर्श कक्ष के साथ बच्चों के लिए सुरक्षित अस्थायी आश्रय की व्यवस्था भी की गई है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बालोद का यह चाइल्ड हेल्पलाइन भवन बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के अनुकूल सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराने वाला राज्य का पहला मॉडल केंद्र है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त बच्चों की सहायता में संवेदनशीलता और तत्परता बनाए रखने को कहा। इस दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू, संरक्षण अधिकारी नरेंद्र साहू और चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।