*प्रेस विज्ञप्ति*
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सिवनी (म.प्र.)
थाना – कुरई
पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री दीपक मिश्रा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बरघाट श्री ललित गठरे के सतत एवं प्रभावी मार्गदर्शन में थाना कुरई पुलिस द्वारा ग्राम सतोसा में हुई अंधी हत्या के मामले का त्वरित पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
घटना का विवरण :-
दिनांक 30/09/2026 की सुबह थाना कुरई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सतोसा स्थित मक्के के खेत में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतिका के शरीर पर चोटों के निशान एवं विद्युत करंट से झुलसने के निशान पाए गए।
घटनास्थल के निरीक्षण के उपरांत मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के ग्रामों एवं रिसॉर्टों में सघन जांच की गई तथा विभिन्न रिसॉर्टों से उनके कर्मचारियों की सूची प्राप्त कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।
मृतिका की पहचान :-
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुस्कान उईके नाम की एक युवती, निवासी ग्राम सतोसा, ग्राम आवरघनी स्थित रामधाम रिसॉर्ट (आलिव रिसॉर्ट) में कार्य करती है तथा उसका हुलिया अज्ञात मृतिका से मिलता-जुलता है।
मुखबिर सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम द्वारा उक्त रिसॉर्ट से जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें पता चला कि ग्राम सतोसा निवासी मुस्कान उईके दिनांक 28/09/2026 की शाम से काम पर जाने के बाद वापस काम पर नहीं आई थी।
पुलिस द्वारा मृतिका के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उसके परिजनों से पूछताछ की गई। मृतिका की मां सुनीता उईके द्वारा फोटो, कपड़े एवं हुलिया देखकर मृतिका की पहचान अपनी बड़ी बेटी मुस्कान उईके पिता गुरूप्रसाद उईके, उम्र 22 वर्ष के रूप में की गई।
हत्या का खुलासा :-
थाना कुरई पुलिस टीम द्वारा घटना की बारीकी से जांच करते हुए मृतिका की मां सुनीता उईके एवं मामा अनिल धुर्वे को संदेह के आधार पर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि दिनांक 28/09/2026 की रात्रि मुस्कान मोबाइल पर काफी देर से किसी व्यक्ति से बात कर रही थी। मोबाइल पर बात करने से मना करने को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपियों द्वारा मुस्कान का गला दबाकर एवं जमीन पर पटककर हत्या कर दी गई।
हत्या को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा शव को लोहे की रॉड एवं तार से विद्युत करंट लगाया गया तथा बाद में शव को उठाकर मक्के के खेत में फेंक दिया गया।
पुलिस द्वारा संपूर्ण साक्ष्य संकलन एवं विवेचना के उपरांत थाना कुरई में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1), 238(a), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी :-
1. सुनीता उईके — मृतिका की मां
2. अनिल धुर्वे — मृतिका का मामा
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय एवं उल्लेखनीय भूमिका :-
उक्त जघन्य हत्याकांड के त्वरित खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुरई निरीक्षक कृपाल शाह टेकाम, थाना प्रभारी बरघाट निरीक्षक मोहनीश बैस, डॉक्टर सैय्यद हुसैनी (मेडिकल कॉलेज सिवनी), उनि इंजन सिंह मर्सकोले, उनि राहुल काकोडिया, सउनि भूपेन्द्र नागेश्वर, सउनि शैलेन्द्र डोंगरे, सउनि दिलीप सरयाम, प्रआर 271 राजेश माथरे, प्रआर 568 महेंद्र परतेती, प्रआर 176 चंचलेश नरवरे, आर 626 अविनाश पाण्डेय, आर 249 राजेन्द्र कटरे, आर 71 सतीश इनवाती, आर 411 यशपाल सिंह उईके, आर 79 देव सिंह वरकड़े, आर 140 कृष्णा भालेकर, आर 680 पराग राहंगड़ाले तथा साइबर सेल सिवनी से सउनि देवेन्द्र जैसवाल एवं प्रआर अजय बघेल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
जिला सिवनी पुलिस द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।