दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के मुड़ीसेमर स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने लूना सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लूना सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पल्सर सवार युवक को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार मेदनीखाड़ निवासी रामविनय कुशवाहा (45) पुत्र चंद्रमिनी कुशवाहा लूना से पटेलनगर से मेदनीखाड़ जा रहे थे। उनके साथ उसी बाइक पर लिफ्ट लेकर कोलिनडूबा निवासी मनोज यादव (32) पुत्र रामप्रसाद यादव सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने मोड़ के पास टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को दुद्धी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. वरुण निधि ने दोनों को गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया गया है कि दोनों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर आया है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह