नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग /बरही : ज़िले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हजारीबाग पुलिस ने बरही थाना क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बरही चौक के समीप हुई लूटकांड में शामिल 8 अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से लूटी गई पिस्टल और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
घटना और कार्रवाई का विवरण: 16 नवंबर 2025 की रात्रि लगभग 09:00 बजे बरही चौक के समीप दो अज्ञात लोगों द्वारा लूटी गई पिस्टल की सूचना पुलिस को मिली थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए, अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दिनों के भीतर ही लूटकांड का खुलासा कर दिया।
बरामद सामान:लूटी गई पिस्टल (9 एमएम), पिस्टल में लगी मैगज़ीन, 3 जिंदा कारतूस, अपराध में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल, 8 मोबाइल फोन
गिरफ्तार अपराधी और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों में गिरोह के सरगना समेत कुल आठ लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार अपराधी का नाम व पता इस प्रकार से है 01 जीतू राणा (सरगना) – चिरू-महगाँव, बिहार । 02 सुजीत सिंह – पनरिया, बरही । 03 ओम प्रकाश कुमार बरही । 04 ओमकार कुमार – करसो, बरही । 05 कुणाल कुमार – करसो, बरही । 06 शुभम कुमार महतो बरही। 07 जितेंद्र रजक- रिफ्यूजी कॉलोनी, बरही। 08 रोहित कुमार इचगाँव, हजारीबाग
गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध पहले से ही हजारीबाग और आस-पास के थानों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 10 से अधिक कांड दर्ज हैं। इनमें बरही, इटरेंज, चौपारण, और डेमोटांड़ थानों के कई मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।