नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन भवन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन
हजारीबाग: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार बुधवार को हजारीबाग सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन भवन में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला जज रंजीत कुमार के देखरेख में इस रक्तदान शिविर को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग की ओर से लगाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला रंजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि वैसे इच्छुक रक्तदाता जो स्वस्थ हैं और जिनका हीमोग्लोबिन का स्तर अच्छा है वह रक्तदान कर किसी के जीवन को बचा सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एक विशेष समय अंतराल के बाद रक्तदान करने से रक्तदाता के शरीर में रक्त बनने की प्रक्रिया में गति आती है।
इस मौके पर उनके साथ हजारीबाग सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, हजारीबाग बार संघ के अध्यक्ष राजकुमार, उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव सुमन कुमार सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना मौजूद थे। इस रक्तदान शिविर में कुल 20 लोगों ने अपना रक्तदान दिया। जिसमें न्यायिक पदाधिकारी, सिविल कोर्ट कर्मी, अधिवक्ता, पारा लीगल वालेंटियर और यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज के छात्र शामिल रहे। इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के डॉ. नीरज कुमार, पूनम कुजूर, मिस्टर आर. खैरी, निहाल राज और वालेंटरी बल्ड डोनर्स एसोसिएशन के निर्मल जैन मौजूद थे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना ने जानकारी देते हुए बताया कि संविधान दिवस के मौके पर सिविल कोर्ट परिसर में भी संविधान दिवस मनाई गई। इस दौरान सभी न्यायिक पदाधिकारियों और सिविल कोर्ट कर्मियों ने संविधान की शपथ ली और प्रस्तावना को पढ़ा और उसके प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि संविधान दिवस के मौके पर यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज में भी एक कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले किया गया था। जिसमें लॉ कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।